’भारत जोड़ो यात्रा’ सांसद संतोख सिंह के निधन के बाद रोकी गई

0
441

पंजाब के जालंधर से कांग्रेस सांसद संतोख सिंह चौधरी का निधन हो गया है। संतोख सिंह की तबीयत उस समय बिगड़ी थी, जब वे राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में हिस्सा ले रहे थे। जानकारी के मुताबिक, यात्रा जब लुधियाना से रवाना हुई, तब संतोख सिंह पद यात्रा कर रहे थे।
असहज महसूस होने पर उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। हार्ट अटैक से उनकी मौत हुई है। पंजाब में अभी कड़ाके की ठंड पड़ रही है। बता दें, भारत जोड़ो यात्रा का पंजाब चरण भी समाप्त होने जा रहा है। यहां से यात्रा हिमाचल और फिर जम्मू-कश्मीर में प्रवेश कर जाएगी। संतोख सिंह के निधन के बाद राहुल गांधी ने यात्रा रोक दी है और वे जालंधर के लिए रवाना हो गए हैं।
कांग्रेस नेताओं ने बताया कि संतोख सिंह के अंतिम संस्कार के बाद ही यात्रा शुरू होगी। इस बीच पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे समेत तमाम बड़े नेताओं ने संतोख सिंह के असमय निधन पर दुख व्यक्त किया है। खरगे ने ट्वीट किया, ‘हमारे सांसद संतोख सिंह चौधरी के असामयिक निधन के बारे में जानकर गहरा सदमा और दुख हुआ..।’
वहीं लोकसभा स्पीकर ओम बिड़ला ने ट्वीट किया, जालंधर से लोकसभा सांसद श्री संतोख सिंह जी के निधन पर शोक व्यक्त करता हूं। सुदीर्घ सार्वजनिक जीवन में जनहित के मुद्दों पर वे सदैव मुखर रहे। सदन में अनुशासन से अपनी बात रखना उनके व्यक्तित्व की खासियत थी। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें। परिजनों के प्रति मेरी संवेदनाएं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here